Menu
blogid : 24183 postid : 1366792

कुछ तार सुरों के बहके हैं,,,

meriabhivyaktiya
meriabhivyaktiya
  • 125 Posts
  • 73 Comments

कुछ तार सुरों के बहके हैं,
मतवारे पंछी चहके हैं।
दिनमान में भी अब दीप जले,
रात में अब दिनकर चमके।

मन सुन्दरवन सा घना घना
लिपटा भावों से हर तरू तना
वनजीवों सी चंचल अभिलाषा
नही निर्धारित कोई इनका बासा
सब अपनी ही धुन में लहके हैं
कुछ तार सुरों के बहके हैं
मतवारे पंछी चहके हैं।

मन चाहे बस सब लिखती जाऊँ,
कभी कवँल कुमुदिनी बन जाऊँ।
फिर रूप अनोखा लिए खिलूँ,
मंडराते भ्रमरदलों के हृदय हरूँ।
नव पल्लव झनझन खनके हैं,
कुछ तार सुरों के बहके हैं,
मतवारे पंछी चहके हैं।

उन्माद उमड़ उर धड़क रहा,
दमित दवानल अब भड़क रहा।
घनघोर घटा भी झमझम बरसी,
भरती नदियां भी प्यासी तरसी।
काव्यकोष भर छलके हैं,
कुछ तार सुरों के बहके हैं,
मतवारे पंछी चहके हैं।

मन क्या कहने को व्याकुल है,
बंधेपाश खुलने को आतुर हैं।
गगन भी अब उड़ता दिखता,
चन्द्र नही अब सीधा टिकता।
सब बीच अधर में लटके हैं,
कुछ तार सुरों के बहके हैं,
मतवारे पंछी चहके हैं।

Read Comments

    Post a comment

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    CAPTCHA
    Refresh